कुशीनगर । क्षेत्र के किसान इंटर कॉलेज पिपरा बाजार में राष्ट्रीय सेवा योजना नियमित कार्यक्रम के अंतर्गत छात्र छात्राओं व अध्यापकों द्वारा पर्यावरण जागरूकता,यातायात सुरक्षा व डॉल्फिन संरक्षण की शपथ ली गयी।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रधानाचार्य अश्विनी पांडेय ने सभी छात्र छात्राओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि आज की सबसे बड़ी आवश्यकता वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण को सुरक्षित बनाने का है।सूखा,अतिवृष्टि,जलस्तर का नीचे गिरना, वैश्विक तापमान में बढोत्तरी होना आदि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने के कारण ही उत्पन्न हुई समस्याएं हैं।
डॉक्टर विष्णु प्रताप चौबे ने यातायात सुरक्षा के बारे में विद्यार्थियों को बताते हुए कहा कि आज देश के लाखों नागरिकों का यातायात दुर्घटनाओं में असमय निधन हो रहा है जो उनके पारिवारिक क्षति के साथ साथ इस देश के लिए भी एक बहुत बड़ी क्षति है।अतः सभी नागरिकों को यातायात नियमों की अच्छी जानकारी होनी चाहिए।बिना हेलमेट और नशे में किसी को भी वाहन नही चलाना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत मे जैव विविधता के बारे में बताते हुए कृष्ण कुमार मिश्र ने कहा कि प्रदूषण व अन्य मानवीय कारणों से वर्तमान समय मे बहुत सी जीव जातियों का अस्तित्व संकट में आ गया है।भारत की गंगा नदी में पाए जाने वाले स्तनधारी जीव डॉल्फिन के संरक्षण हेतु सरकार ने उसे भारत का राष्ट्रीय जलचर जीव घोषित किया है जिसकी सुरक्षा व संरक्षण का दायित्व हम सभी का है।
गंगा डॉल्फ़िन महत्वपूर्ण है क्योंकि यह संपूर्ण नदी के पारिस्थितिकी तंत्र के स्वास्थ्य का एक विश्वसनीय संकेतक है।
भारत सरकार ने 2009 में इसे राष्ट्रीय जलीय जीव घोषित किया था।
इसकी घोषणा 2009 में राष्ट्रीय गंगा नदी बेसिन प्राधिकरण (NGRBA) की पहली बैठक में की गई थी।
डॉल्फिन के महत्व को इंगित करते हुए छात्र छात्राओं को डॉल्फिन संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में शिवेंद्र चौबे,सतीश कुशवाहा,सुनील पांडेय,संजय गौतम,अरुंधति दुबे व एनएसएस के सभी स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

