बहादुरगंज (गाजीपुर)। नगर पंचायत बहादुरगंज के लगातार पांच बार चेयरमैन रहे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता जनाब हाजी रियाज अहमद अंसारी को पार्टी का प्रदेश सचिव बनाए जाने पर उनके आवास पर स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नेता विरोधी दल माननीय श्री जासमीर अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नगर के गणमान्य लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर उपस्थित बुनकरों को संबोधित करते हुए नेता विरोधी दल जासमीर अंसारी ने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बुनकरों की बिजली मुफ्त कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में गरीब, दबे-कुचले, किसान, बुनकर और मजदूर वर्ग का सबसे अधिक शोषण हो रहा है। महंगाई और सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से गरीबों, मजदूरों, किसानों और बुनकरों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। पार्टी की प्राथमिकता समाज के हर वर्ग को सम्मान और राहत दिलाना है।
हाजी रियाज अहमद अंसारी को प्रदेश सचिव बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर करते हुए इसे पार्टी संगठन के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता योगेंद्र नाथ राय, नगर अध्यक्ष अख्तर हुसैन, मीडिया प्रभारी रिजवान अहमद, विशाल मद्धेशिया, सद्दाम आजम खान, सत्यम शाही, शादाब नोमानी, इनाम अंसारी, फैजान उल्लाह अंसारी, वसीम रहमत, खालिद महमूद और सलमान अली खान सहित समाजवादी पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नगर के सम्मानित व्यक्ति उपस्थित रहे।
