सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा कामाख्या विद्यापीठ का 38वां स्थापना दिवस समारोह


सेवराई (गाजीपुर)। कामाख्या विद्यापीठ इंटर कॉलेज, सेवराई का 38वां वार्षिकोत्सव एवं स्थापना दिवस शनिवार को विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। समारोह में छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही बटोरी। कव्वाली, कजरी, राजस्थानी घूमर, नृत्य, एकांकी और राष्ट्रभक्ति गीतों के जरिए विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं महिला सशक्तिकरण विषय पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता ने सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर समारोह का आगाज किया। मंच पर विद्यार्थियों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।मुख्य अतिथि विधायक ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि कामाख्या विद्यापीठ इंटर कॉलेज शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय एवं अनुकरणीय कार्य कर रहा है। विद्यालय की उपलब्धियां विद्यार्थियों को ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थी अपने जीवन में सफलता हासिल करते हैं तो उनके माता-पिता के साथ शिक्षकों को भी गर्व की अनुभूति होती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पूरी लगन और मेहनत के साथ शिक्षा ग्रहण कर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने तथा समाज और देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों ने राजस्थानी घूमर नृत्य, कव्वाली, कजरी, रिकॉर्डिंग डांस, किसानी गीत और राष्ट्रभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं महिला सशक्तिकरण पर वाद-विवाद प्रतियोगिता और एकांकी के माध्यम से सामाजिक मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का मंच संचालन छात्रा अदिति सिंह ने किया, जबकि सिमरन और कन्हैया पाल ने भी संचालन में सहयोग दिया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिमन्यु सिंह, तबरेज खान, अरविंद सिंह, राजू सिंह, हरिनारायण सिंह, रास बिहारी लाल श्रीवास्तव, शिवकुमार सिंह, गिरि, प्रधान नरेंद्र सिंह, सुभाष यादव, रासबिहारी सिंह, शैलेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, रंजन, शिवचरण सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक, अभिभावक एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

समारोह के अंत में विद्यालय के प्रबंधक भुनेश्वर सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विद्यालय की गौरवशाली शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। समारोह ने जहां विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, वहीं विद्यालय की 38 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें