सेवराई (गाजीपुर)। तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से 16 जायरीन शनिवार को उमरा की पवित्र यात्रा के लिए रवाना हुए। जायरीन दिलदारनगर रेलवे स्टेशन से सीमांचल एक्सप्रेस द्वारा दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां से 23 नवंबर को विमान से जेद्दा के लिए उड़ान भरेंगे। इसके बाद मक्का शरीफ पहुंचकर उमरा की पवित्र इबादत अदा करेंगे।
जायरीनों की रवानगी के दौरान दिलदारनगर रेलवे स्टेशन पर भावुक माहौल देखने को मिला। उन्हें विदा करने के लिए परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की बड़ी संख्या में भीड़ जुटी रही। परिजनों ने जायरीनों को गले लगाकर नम आंखों से विदाई दी। इस दौरान हर किसी की जुबां पर उनकी सलामती, सुरक्षित सफर और कुबूल इबादत की दुआएं थीं।
सादिया ट्रेवल्स के संचालक मेराज खान ने बताया कि यह धार्मिक यात्रा करीब 20 दिनों की होगी। इस दौरान सभी जायरीन मक्का और मदीना शरीफ में रहकर इबादत करेंगे और अपने मुल्क, परिवार तथा क्षेत्र की खुशहाली के लिए दुआएं मांगेंगे। यात्रा पूरी करने के बाद सभी जायरीनों की वापसी 12 दिसंबर को निर्धारित है।
इस अवसर पर एहसान अहमद, गुफरान खान, सहाबू खान, बाबर खान, वसीम खान सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने जायरीनों को मुबारकबाद देते हुए उनकी सुखद और सुरक्षित यात्रा तथा इबादत की कुबूलियत के लिए दुआ की।
