सरस्वती देवी महाविद्यालय के 230 छात्र-छात्राओं को मिला टैबलेट, डिजिटल शिक्षा को मिलेगी मजबूत
प्रथम चरण में रामगढ़ ताल, गोरखपुर में वितरित किए गए टैबलेट, प्राचार्य ने विद्यार्थियों को दी बधाई
कुशीनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की महत्वाकांक्षी योजना के तहत शुक्रवार को सरस्वती देवी महाविद्यालय, नौरंगिया के 230 छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए। गोरखपुर के रामगढ़ ताल स्थित कार्यक्रम स्थल पर आयोजित वितरण कार्यक्रम में महाविद्यालय के उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रथम चरण में यह डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराया गया।
टैबलेट मिलने से विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। अब उन्हें पढ़ाई के लिए डिजिटल सामग्री, ऑनलाइन शैक्षणिक संसाधनों और इंटरनेट आधारित अध्ययन सुविधाओं का लाभ लेने में सहूलियत मिलेगी। इससे उनकी पढ़ाई को नई दिशा मिलने के साथ तकनीकी ज्ञान और डिजिटल दक्षता में भी वृद्धि होगी।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य गौरव त्रिपाठी ने टैबलेट प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की यह पहल विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वर्तमान समय में शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल संसाधनों की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है। ऐसे में टैबलेट विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास और ज्ञानवर्धन में सहायक साबित होंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे सरकार की ओर से मिले इस संसाधन का उपयोग केवल मनोरंजन तक सीमित न रखकर अध्ययन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और नई जानकारियां हासिल करने में करें। प्राचार्य ने बताया कि शेष पात्र छात्र-छात्राओं को भी आगामी चरण में शीघ्र टैबलेट वितरित किए जाने की संभावना है।
