धर्मेन्द्र भारद्वाज। मऊ
एक साल तक इंसाफ के लिए भटकती रही दादी, अधिकारियों से लेकर थाने तक लगाई गुहार; आखिरकार अदालत के हस्तक्षेप के बाद दर्ज हुआ मुकदमा
मऊ।जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था और मरीजों के इलाज में कथित लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। अपने नवजात पोते को न्याय दिलाने के लिए एक दादी ने करीब एक साल तक सरकारी दफ्तरों और अधिकारियों के चक्कर लगाए, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार अदालत का दरवाजा खटखटाने के बाद न्याय की उम्मीद जगी और नगर कोतवाली पुलिस ने दो चर्चित चिकित्सकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
मामला सरायलखंसी थाना क्षेत्र के डुमरांव निवासी शंकुतला देवी पत्नी संजय चौधरी से जुड़ा है। पीड़िता के अनुसार, 11 फरवरी 2023 को उनके नवजात पोते की तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए शारदा नारायण अस्पताल ले जाया गया था। आरोप है कि इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई और रक्त चढ़ाने के मामले में भी गंभीर अनियमितता हुई। परिवार का आरोप है कि गलत ब्लड ग्रुप चढ़ाए जाने के कारण नवजात की हालत और बिगड़ गई। बाद में उसे चाइल्ड केयर में भर्ती कराना पड़ा। परिजनों के मुताबिक, बच्चे को कैंसर होने के बाद से लगातार कीमोथेरेपी चल रही है।
पीड़िता का कहना है कि न्याय के लिए उसने जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री, पुलिस अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधिकारी तक अपनी शिकायत पहुंचाई, लेकिन लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने अदालत की शरण ली। करीब एक साल तक कानूनी लड़ाई लड़ने के बाद अदालत के आदेश पर नगर कोतवाली पुलिस ने डॉ. संजय सिंह और डॉ. विवेक सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
इस कार्रवाई के बाद मामला एक बार फिर जिले में चर्चा का विषय बन गया है। अब पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि निष्पक्ष जांच के जरिए पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और उन्हें न्याय मिल सकेगा।
