नंदगंज (गाजीपुर)। राजस्थान के राजघराने में विवाह होने के बाद भी बरहपुर गांव की अर्चना सिंह ने अपनी मातृभूमि और लोकपरंपराओं से जुड़ाव की अनूठी मिसाल कायम की है। विवाह के बाद बीते 10 वर्षों से वह प्रत्येक वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर अपने पैतृक गांव बरहपुर पहुंचती हैं और पूरी श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ छठी मैया की उपासना करती हैं।
अर्चना सिंह का यह निरंतर प्रयास बताता है कि विवाह के बाद जीवन का परिवेश और परिस्थितियां भले ही बदल जाएं, लेकिन अपनी मिट्टी, संस्कार और परंपराओं से जुड़ाव कभी कम नहीं होता। राजघराने में विवाह के बावजूद गांव आकर छठ पूजा की परंपरा को लगातार निभाना उनकी अटूट आस्था और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को दर्शाता है।
उनका यह प्रयास क्षेत्र में चर्चा और प्रेरणा का विषय बना हुआ है। आधुनिक परिवेश में रहते हुए भी अपनी जड़ों और लोकपरंपराओं को जीवंत रखने की अर्चना सिंह की पहल निश्चित रूप से सराहनीय है।
