जमानिया (गाजीपुर)। जमानिया कस्बा स्थित कपूरा घाट (मिश्र घाट) पर रविवार को कार्तिक मास की षष्ठी तिथि के अवसर पर लोक आस्था का महापर्व छठ श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। संध्या बेला में व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, सफलता एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर कपूरा घाट पर श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार छठी मैया एवं भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की तथा अपने परिवार की सुख-शांति, संतान की उन्नति और उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की।
वहीं, इस अवसर पर राष्ट्र में चल रहे गौ सम्मान आवाह्न अभियान को सफल बनाने, गौवंश के संवर्धन एवं संरक्षण तथा गौ माता को राष्ट्र माता का सम्मान दिलाने की कामना भी की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य का विधि-विधान से अर्चन-पूजन कर गौ माता के संरक्षण एवं संवर्धन के इस अभियान को सफल बनाने की प्रार्थना की।
तो वही आचार्य पण्डित सतेन्द्र दुबे ने बताया कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक ही नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य उपासना, अनुशासन और लोक संस्कृति से जुड़ा हुआ पर्व भी है। कपूरा घाट पर पूजा-अर्चना के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा
