धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मोहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। थाना मोहम्मदाबाद गोहना की साइबर पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए गुम हुए एक मोबाइल फोन को बरामद कर उसकी स्वामिनी को वापस सौंप दिया। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत 14,999 रुपये बताई गई है। मोबाइल वापस मिलने पर महिला ने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, खुशामदपुर निवासी शुभवती पत्नी प्रभूनाथ का सैमसंग मोबाइल फोन गुम हो गया था। इस संबंध में आवेदिका ने CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए थाना मोहम्मदाबाद गोहना की साइबर पुलिस टीम ने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद 13 नवंबर 2026 को गुम मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने मोबाइल की पहचान और स्वामित्व की पुष्टि करते हुए उसे उसकी वास्तविक स्वामिनी शुभवती को सुपुर्द कर दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में साइबर अपराध एवं गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद गोहना जितेन्द्र सिंह के निर्देशन में साइबर पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा मऊ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि अपने मोबाइल फोन का IMEI नंबर सुरक्षित रखें। मोबाइल गुम होने की स्थिति में CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मोबाइल को ब्लॉक कराने और उसकी बरामदगी में मदद मिल सके।
पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर साबित हुआ कि CEIR पोर्टल गुम मोबाइल फोन की बरामदगी में आम नागरिकों के लिए उपयोगी साबित हो रहा है।
