100 दिन में वाराणसी जोन पुलिस ने बरामद किए 3881 मोबाइल, कीमत 8.14 करोड़ रुपये


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

मऊ में 365 गुमशुदा मोबाइल फोन मिले, 75 लाख रुपये आंकी गई कीमत; नौ जिलों में चलाया गया अभियान

मऊ। वाराणसी जोन पुलिस ने गुमशुदा और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए गए अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। एक अगस्त से सात नवंबर 2026 तक 100 दिनों के भीतर जोन के नौ जिलों से कुल 3881 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इनकी अनुमानित कीमत 8 करोड़ 14 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है। बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए हैं।

अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत भारत सरकार के संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग की ओर से विकसित सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई। इसमें जनपदों के विभिन्न थानों और सर्विलांस टीमों की मदद ली गई। प्रेस नोट के अनुसार, माह सितंबर में मोबाइल रिकवरी स्कोर के आधार पर वाराणसी जोन प्रदेश के सभी जोन में प्रथम स्थान पर रहा।

जिलेवार बरामदगी में जौनपुर 949 मोबाइल फोन के साथ पहले स्थान पर रहा। आजमगढ़ से 783, सोनभद्र से 436, गाजीपुर से 379 और मऊ से 365 मोबाइल फोन बरामद किए गए। वहीं चंदौली से 285, बलिया से 244, मीरजापुर से 224 और भदोही से 216 मोबाइल फोन मिले।

मऊ जिले में बरामद 365 मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 75 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों को राहत मिली है, जिनके मोबाइल फोन गुम हो गए थे।

मोबाइल गुम होने पर यहां करें शिकायत

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या खोने पर घबराएं नहीं। तत्काल सीईआईआर पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट www.sancharsaathi.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा नजदीकी जनसेवा केंद्र, संबंधित थाने या पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर भी मदद ली जा सकती है। पुलिस ने लोगों को मोबाइल का आईएमईआई नंबर सुरक्षित रखने की सलाह दी है, ताकि फोन की तलाश और बरामदगी में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें