रतनपुरा के लाल को मिली बड़ी जिम्मेदारी
नीतीश कुमार गोंड बने भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री, गोरखपुर क्षेत्र
रतनपुरा,मऊ। भारतीय जनता पार्टी ने रतनपुरा विकासखण्ड के भीमहर ग्राम पंचायत निवासी युवा और कर्मठ कार्यकर्ता नीतीश कुमार गोंड को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा, गोरखपुर क्षेत्र का क्षेत्रीय मंत्री नियुक्त किया है। उनके मनोनयन की खबर आते ही रतनपुरा सहित पूरे जनपद में कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जगह-जगह बधाई और शुभकामनाओं का दौर शुरू हो गया है।
संगठन के लिए नीतिश कुमार गोंड एक समर्पित कार्यकर्ता
नीतीश कुमार गोंड का राजनीतिक सफर संगठन के प्रति समर्पण और अनुशासन का उदाहरण है। उन्होंने सबसे पहले विश्व हिंदू परिषद में काम करते हुए बजरंग गोरक्ष प्रांत के अंतर्गत रतनपुरा प्रखंड में प्रखंड संयोजक का दायित्व निभाया। वहां उन्होंने हिंदुत्व, संगठन विस्तार और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई।
इसके बाद भाजपा संगठन में उन्होंने मंडल मंत्री, रतनपुरा मंडल के रूप में काम किया और मंडल स्तर पर संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
दिल्ली से चंदौली तक निस्वार्थ भाव से संगठन की सेवा
नीतीश कुमार गोंड को पार्टी ने समय-समय पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपीं। दिल्ली MCD चुनाव में उन्होंने वार्ड संख्या 33, रानीखेड़ा में प्रवासी कार्यकर्ता के रूप में संगठन के लिए कार्य किया।
वहीं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा, जनपद मऊ के जिला महामंत्री के रूप में उन्होंने जिले में जनजाति समाज को संगठन से जोड़ने का काम किया।
लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने जनपद चंदौली के सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र में विस्तारक के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाई, तो दिल्ली विधानसभा चुनाव में मुंडका विधानसभा क्षेत्र में विस्तारक के रूप में पार्टी के लिए काम किया।
नई जिम्मेदारी पर नेतृत्व का जताया आभार
क्षेत्रीय मंत्री बनाए जाने पर नीतीश कुमार गोंड ने शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व और गोरखपुर क्षेत्र के नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। अनुसूचित जनजाति समाज के उत्थान, संगठन विस्तार और पार्टी की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाना ही मेरा लक्ष्य होगा।
उनके मनोनयन पर भाजपा कार्यकर्ताओं, विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं, जनजाति समाज के लोगों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों का कहना है कि एक जमीनी कार्यकर्ता को मिली यह जिम्मेदारी संगठन के लिए शुभ संकेत है।
