बाजार और आबादी वाले क्षेत्रों में नहीं लगेंगी पटाखों की दुकानें, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई


सेवराई (गाजीपुर)। आगामी दीपावली एवं छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को स्थानीय पुलिस चौकी सेवराई परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। उपजिलाधिकारी गजराज सिंह यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों, दुकानदारों और संभ्रांत लोगों ने भाग लिया। बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात, पटाखों की बिक्री और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में एसडीएम गजराज सिंह यादव ने पटाखा दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए स्पष्ट किया कि बाजार के अंदर और आबादी वाले क्षेत्रों में किसी भी परिस्थिति में पटाखों की दुकान नहीं लगाई जाएगी। पटाखों की बिक्री केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर और नियमानुसार ही की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई दुकानदार बाजार अथवा आबादी वाले क्षेत्र में पटाखों की दुकान लगाते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम ने दुकानदारों को निर्देशित किया कि पटाखों की बिक्री के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें। दुकानों पर अग्निशमन एवं सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं तथा ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित स्थान पर रखा जाए। बिना अनुमति अथवा निर्धारित नियमों का उल्लंघन कर पटाखों की बिक्री किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए सभी दुकानदार प्रशासन के निर्देशों का गंभीरता से पालन करें।

वहीं, कोतवाल नंद कुमार तिवारी ने कहा कि दीपावली एवं छठ पूजा को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। बाजारों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक सूचनाएं प्रसारित करने से बचें तथा किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें।

अंत में उपजिलाधिकारी गजराज सिंह यादव ने क्षेत्रवासियों, व्यापारियों और संभ्रांत नागरिकों से अपील की कि वे आपसी सहयोग एवं सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश करते हुए दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें