नौली गांव में करंट की चपेट में आने से कोटेदार की मौत, परिवार में मचा कोहराम


सेवराई (गाजीपुर)। तहसील क्षेत्र के रेवतीपुर थाना अंतर्गत नौली गांव में शनिवार को बिजली के करंट की चपेट में आने से 59 वर्षीय कोटेदार आनंद सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

ग्रामीणों के अनुसार नौली गांव निवासी आनंद सिंह (59) पुत्र स्वर्गीय प्रभुनारायण सिंह शनिवार को स्नान करने के बाद घर में कपड़े सुखाने गए थे। इसी दौरान वह गीला कपड़ा रगनी पर डाल रहे थे। बताया जा रहा है कि रगनी में किसी कारणवश बिजली का करंट उतर आया था। गीला कपड़ा डालते समय वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

आनंद सिंह दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके निधन की खबर मिलते ही घर पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पत्नी शारदा देवी पति की मौत की सूचना मिलते ही रो-रोकर बेहाल हो गईं। मृतक अपने पीछे तीन बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। पिता की अचानक मौत से बच्चों और परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

सूचना मिलने पर रेवतीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद से नौली गांव में मातम पसरा हुआ है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें