हजारों लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता जर्जर, छात्र-छात्राओं, महिलाओं और बच्चों को हो रही परेशानी
बहादुरगंज (गाजीपुर)। आदर्श नगर पंचायत बहादुरगंज में बंका रामलीला मैदान को जाने वाले रास्ते की बदहाल स्थिति को लेकर राहगीरों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। सड़क की हालत देखकर लोगों ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है, लेकिन सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जर्जर सड़क के कारण सबसे अधिक परेशानी छात्र-छात्राओं, महिलाओं और बच्चों को उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के चलते राहगीरों को संभलकर चलना पड़ता है। ऐसे में किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। रामलीला मैदान की ओर जाने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग की अनदेखी से स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है। राहगीरों ने नगर पंचायत की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब इस मार्ग से बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं, तो इसकी मरम्मत और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। लोगों का आरोप है कि सड़क की बदहाली के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से अविलंब सड़क निर्माण कराने की मांग की है। इस मामले में वार्ड सभासद मोहम्मद शोऐब ने भी आवाज उठाते हुए सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। सभासद का कहना है कि जनसुविधाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण मार्ग की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। वहीं, नगर पंचायत की ओर से आश्वासन दिया गया है कि शासन से धन आवंटित हो गया है जल्द ही सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी कर समस्या का समाधान कराया जाएगा। अब देखना यह है कि नगर पंचायत प्रशासन कब तक इस दिशा में ठोस कदम उठाता है और स्थानीय लोगों को जर्जर सड़क से निजात मिल पाती है।
