धर्मेन्द्र भारद्वाज / मऊ
हलधरपुर पुलिस की कार्रवाई, चार बोरियों और चार कार्टून में रखे थे पटाखे
मऊ। दीपावली के दौरान अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हलधरपुर पुलिस ने ग्राम पहसा में छापेमारी कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चार छोटी-बड़ी बोरियों और चार छोटे-बड़े कार्टून में रखे अवैध पटाखे बरामद किए हैं। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत 1.75 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी मधुबन दिनेश दत्त मिश्र के नेतृत्व में हलधरपुर पुलिस को 30 अक्तूबर को अवैध पटाखों के भंडारण की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम पहसा में कार्रवाई करते हुए यशवंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चार बोरियों और चार कार्टून में रखे पटाखे बरामद हुए। इस मामले में थाना हलधरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 229/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9(ख) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर उसे न्यायालय भेज दिया।
पुलिस की कार्रवाई से अवैध पटाखा कारोबारियों में हड़कंप
त्योहारों के दौरान पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई को सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना
जा रहा है।
