धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कक्ष की जांच कर दिए सतर्क निगरानी के निर्देश, केंद्रों के आसपास तैनात रहा पुलिस बल
मऊ। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी आनंद वर्धन और पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कक्ष का निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और निगरानी व्यवस्था को परखा। परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी निर्धारित केंद्रों, मुख्य प्रवेश द्वारों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से परीक्षा केंद्रों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, पेपर लीक, ऑनलाइन धोखाधड़ी और अफवाहों पर रोक लगाने के लिए साइबर पुलिस टीम और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की भी निगरानी की जा रही है। भ्रामक अथवा फर्जी खबरें फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने परीक्षार्थियों से शांतिपूर्ण एवं अनुशासित माहौल बनाए रखने तथा परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की है।
