धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
दक्षिणटोला पुलिस और मिशन शक्ति टीम की कार्रवाई, शराबियों को सख्त हिदायत
मऊ। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने, गंदगी फैलाने और आसपास के लोगों को असुविधा पहुंचाने वालों के खिलाफ मऊ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में थाना दक्षिणटोला पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर कुल 19 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने सभी के विरुद्ध पुलिस एक्ट की धारा 34 के तहत कार्रवाई की और भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मऊ श्री सर्वेश मिश्रा के निर्देश पर शराब के ठेकों के आसपास और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शांति एवं व्यवस्था बनाए रखना, आम नागरिकों को असुविधा से बचाना और खुलेआम शराब पीकर हुड़दंग करने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना है।
इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना दक्षिणटोला पुलिस टीम और मिशन शक्ति टीम ने कार्रवाई की। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने और गंदगी फैलाने के आरोप में 19 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके बाद पुलिस ने उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा करने वालों में सख्त संदेश देने का प्रयास किया गया है। पुलिस ने संबंधित लोगों को चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थलों पर शांति भंग करने, गंदगी फैलाने या आम लोगों को परेशान करने जैसी गतिविधियों से बचें।
मऊ पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था दिखाई देने पर इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
