भांवरकोल/ गाजीपुर। वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर भांवरकोल ब्लॉक मुख्यालय पर मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान के लिए बनाए गए तीनों बूथों पर संबंधित पोलिंग पार्टियां पहुंच गई हैं।
ब्लॉक मुख्यालय परिसर में स्नातक मतदाताओं के लिए दो तथा शिक्षक मतदाताओं के लिए एक बूथ बनाया गया है। बूथ संख्या 131 पर 1,214 और बूथ संख्या 131 (अ) पर 1,100 स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं, शिक्षक मतदाताओं के लिए बने बूथ संख्या 51 पर 187 मतदाता मतदान करेंगे।
मतदान केंद्र पर पहुंचे नायब तहसीलदार नीतीश कुमार शाही एवं अजीत कुमार सिंह ने खंड विकास अधिकारी प्रेमचंद के साथ परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतदान को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए की गई तैयारियों का अवलोकन किया।
