धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
कूड़ा सड़क किनारे फेंकने पर होगी कड़ी कार्रवाई, छठ पर्व से पहले घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगरीय निकायों के कार्यों एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छता व्यवस्था, कूड़ा एवं अपशिष्ट प्रबंधन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, राजस्व वसूली और जनसुविधाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं में लापरवाही और निर्देशों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तीन नगर पंचायतों को कारण बताओ नोटिस
वंदन योजना की समीक्षा के दौरान नगर पंचायत दोहरीघाट, वलिदपुर और मुहम्मदाबाद गोहना की प्रगति सबसे खराब पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले माह तक कार्यों में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एमआरएफ सेंटर जल्द संचालित करने के निर्देश
एमआरएफ सेंटर के निर्माण की समीक्षा में नगर पंचायत घोसी में निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद केंद्र के संचालन से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाएं लंबित पाए जाने पर डीएम ने उसे तत्काल क्रियाशील बनाने को कहा। संचालित केंद्रों पर कूड़ा निर्धारित शेड के अंदर रखने, कूड़ा उठान के सभी प्वाइंटों की निगरानी करने तथा सफाईकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्धारित रोस्टर के अनुसार सफाई और कूड़ा उठान कराने पर जोर दिया।
सड़क किनारे कूड़ा मिला तो होगी कार्रवाई
अदरी, अमिला और दोहरीघाट में कूड़ा एवं अपशिष्ट प्रबंधन के लिए भूमि उपलब्ध नहीं होने पर जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि की अनुपलब्धता की स्थिति में निजी भूमि क्रय करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में सड़क किनारे कूड़ा डंप नहीं किया जाएगा। जिन निकायों में अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था नहीं है, वे अपना कूड़ा निकटवर्ती नगर पंचायत के अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र तक पहुंचाएं। सड़क किनारे कूड़ा मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
सार्वजनिक शौचालयों और सफाई व्यवस्था पर जोर
स्वच्छ भारत मिशन के तहत संचालित सार्वजनिक शौचालयों को क्रियाशील रखने और उनमें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ लगातार अभियान चलाने, नियमित फॉगिंग कराने, नालों की सफाई और निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने को कहा।
होर्डिंग-बैनर से राजस्व बढ़ाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सरकारी भूमि पर अवैध रूप से लगाए जा रहे होर्डिंग-बैनर, टैक्सी स्टैंड और बस स्टैंड पर प्रभावी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया अपनाकर निर्धारित शुल्क और टैक्स की वसूली सुनिश्चित करने को कहा, ताकि नगरीय निकायों की आय में वृद्धि हो सके। इसके साथ ही सभी नगर पंचायतों को संपत्ति रजिस्टर अद्यतन रखने तथा सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए।
गौशालाओं में चारा और भूसे की उपलब्धता सुनिश्चित करें
गो-आश्रय स्थलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने मृत पशुओं के शवों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने, गौशालाओं में पर्याप्त हरे चारे और भूसे का भंडारण रखने तथा संबंधित रजिस्टर अद्यतन करने को कहा। उन्होंने नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के साथ निर्माणाधीन कान्हा गौशालाओं का निर्माण जल्द पूरा कराने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने के निर्देश भी दिए।
छठ पर्व से पहले घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
झीलों, तालाबों और पोखरों के संरक्षण से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने छठ पर्व को देखते हुए सभी आवश्यक कार्य समय से पहले पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने नदियों, तालाबों और अन्य घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि सभी निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। कार्यों में लापरवाही बरतने और निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं करने वाले अधिशासी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
