मऊ में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

सुरक्षा, साइबर अपराध और महिला हेल्पलाइन की दी गई जानकारी, सार्वजनिक स्थलों पर निकाली गई जागरूकता रैली

मऊ। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक मऊ श्री सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले के सभी थानों की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता रैलियां निकालीं और सार्वजनिक स्थलों पर पंपलेट वितरित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।

अभियान के दौरान महिला उत्पीड़न, छेड़छाड़, लैंगिक अपराधों से बचाव और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में सतर्कता बरतने की जानकारी दी गई।

गुड टच-बैड टच और बाल अधिकारों की दी जानकारी

पुलिस टीमों ने बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, बाल अधिकारों तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में बताया। महिलाओं एवं बालिकाओं को शासन की विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं और मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध सहायता, परामर्श एवं मार्गदर्शन की जानकारी भी दी गई।

हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक

अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन पुलिस सहायता 112, महिला हेल्पलाइन 181 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस टीमों ने उन्हें किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, छेड़छाड़ या असुरक्षा की स्थिति में बिना भय के पुलिस से संपर्क करने और अपनी शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।

मऊ पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज-6.0 के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, आत्मविश्वास विकसित करने और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें