सेवराई (गाजीपुर)। अपराध एवं वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गहमर थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गहमर गांव निवासी अंजनी सिंह (50 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय ललिता सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देश पर जनपद में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी जमानिया के मार्गदर्शन में गहमर थाने की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को बृहस्पतिवार की देर शाम को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, अंजनी सिंह के खिलाफ गहमर थाने में गैंगस्टर एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और अन्य अधिनियमों के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध मुकदमा संख्या 190/2026 में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 की धारा 2(ख)(1) और 3(1) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस रिकॉर्ड में वर्ष 2025 के मुकदमों के साथ वर्ष 1995, 1996, 2001 सहित अन्य वर्षों के मामलों का भी उल्लेख है।
प्रभारी निरीक्षक ग़हमर नन्द कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों एवं वांछित अभियुक्तों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत गैंगस्टर एक्ट के वांछित अभियुक्त अंजनी सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
गिरफ्तारी करने वाली इस टीम अतिरिक्त निरीक्षक विजय बहादुर सिंह, कांस्टेबल संजय सिंह और कांस्टेबल राहुल निषाद सहित गहमर थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
