मध्य प्रदेश में बस पलटने से सेवराई के युवक की मौत, गांव में मचा कोहराम


सेवराई (गाजीपुर)। घर-परिवार की जिम्मेदारियों को निभाने और रोजी-रोटी कमाने के लिए मध्य प्रदेश में नौकरी करने गए सेवराई गांव निवासी एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। गुरुवार को मजदूरों से भरी बस पलटने से हुए हादसे में सेवराई गांव निवासी शिवपूजन शर्मा के पुत्र संजय शर्मा (46) की जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही उनके पैतृक गांव सेवराई में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेवराई गांव निवासी संजय शर्मा मध्य प्रदेश में एक निजी कंपनी में काम करते थे। वह छतरपुर जिले में केन-बेतवा लिंक परियोजना के अंतर्गत एनसीसी कंपनी के माध्यम से मजदूरी का कार्य कर रहे थे। बताया जा रहा है कि बीते गुरुवार को काम समाप्त होने के बाद वह अन्य मजदूरों के साथ बस से वापस जा रहे थे। इसी दौरान छतरपुर जिले के बमीठा थाना क्षेत्र में एक बांध के पास मजदूरों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

इस हादसे में बस में सवार 48 मजदूरों में से 15 मजदूर घायल हो गए, जबकि संजय शर्मा की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की सूचना मिलने पर मृतक के परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल बन गया। बाद में कंपनी की ओर से संजय शर्मा के भाई को मोबाइल फोन के माध्यम से उनकी मौत की सूचना दी गई।

जैसे ही संजय की मौत की खबर सेवराई गांव पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस युवक के घर लौटने का इंतजार था, उसकी मौत की खबर ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है। संजय शर्मा की असमय मौत से परिवार के सामने दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिजनों के अनुसार, मृतक का शव शनिवार को सेवराई गांव पहुंचने की संभावना है। शव आने के इंतजार में परिवार के लोग व्याकुल हैं। हादसे की खबर से गांव के लोग भी शोकाकुल हैं और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें