धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मुहम्मदाबाद गोहना। कोतवाली क्षेत्र के बरहदपुर में रविवार शाम ट्रेन की चपेट में आकर मृत अज्ञात व्यक्ति की पहचान सोमवार को भैसहा-मालव निवासी महातम शर्मा (56) के रूप में हुई। परिजनों ने कपड़ों और शरीर के अन्य हिस्सों के आधार पर उनकी शिनाख्त की। मृतक के भतीजे अमित शर्मा ने पुलिस को तहरीर दी है।
परिजनों के मुताबिक, महातम शर्मा रविवार को पठखौली-केरमा स्थित अपनी ससुराल जाने के लिए घर से पैदल निकले थे। देर शाम तक ससुराल नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। इसी बीच बरहदपुर के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत की सूचना मिली
।
सोमवार को परिजन मौके पर पहुंचे और कपड़ों समेत शरीर के अन्य हिस्सों के आधार पर मृतक की पहचान महातम शर्मा के रूप में की। महातम बढ़ई का काम करते थे। उनके दो बेटे हैं, जिनमें एक मुंबई और दूसरा विदेश में रहता है। दोनों मंगलवार को घर पहुंचेंगे।
पुलिस के अनुसार, बेटों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना की जानकारी मिलने के बाद पत्नी समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
