आरसी के नाम पर व्यापारियों में दहशत, जिला पंचायत अध्यक्ष को सौंपा ज्ञापन
•ए०के०वर्मा
रतनपुरा (मऊ)। जिला पंचायत की ओर से जारी आरसी को लेकर रतनपुरा क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर व्यापारी नेता अंगद साहू के नेतृत्व में व्यापारियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय को ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।
ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि कोरोना काल के दौरान लंबे समय तक दुकानें बंद रहने के कारण व्यापारियों के सामने जीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया था। कई व्यापारी अभी तक उस आर्थिक संकट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं। किसी के परिवार में बेटियों की शादी, तो किसी के बच्चों की पढ़ाई और इलाज की जिम्मेदारी है। ऐसे में आरसी की कार्रवाई से व्यापारी मानसिक दबाव और आर्थिक परेशानी झेल रहे हैं।
व्यापारियों का आरोप है कि एक साथ हजारों रुपये की आरसी जारी किए जाने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि रतनपुरा ग्राम सभा में व्यापारियों के स्तर से ऐसा कोई कार्य नहीं कराया गया है, जिसके लिए उन पर इस तरह की कार्रवाई की जा रही है। व्यापारियों ने जाति के आधार पर कार्रवाई किए जाने का भी आरोप लगाया और निष्पक्ष जांच की मांग की।
व्यापारियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय से मामले की जांच कराकर आरसी की कार्रवाई पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने तथा समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि उनकी समस्या का समाधान होने पर वे जिला पंचायत अध्यक्ष के आभारी रहेंगे।
