त्योहारों को लेकर मऊ में प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने किया पैदल गश्त


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

मऊ। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सकुशल और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी मऊ और पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नगर क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

डीएम और एसपी ने अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, थानाध्यक्ष दक्षिण टोला, प्रभारी यातायात समेत भारी पुलिस बल के साथ मिर्जाहादीपुरा से संस्कृत पाठशाला तक पैदल भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बाजारों और प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आमजन से संवाद भी किया।

पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आगामी त्योहारों के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

मूर्ति विसर्जन मार्गों का भी लिया जायजा

इसके बाद अधिकारियों ने आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए मूर्ति स्थापना स्थलों और निर्धारित मूर्ति विसर्जन मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान रास्तों की स्थिति, बिजली के अव्यवस्थित लटके तार, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया।

अधिकारियों ने संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए। खास तौर पर विसर्जन मार्गों पर किसी भी तरह की अव्यवस्था न होने देने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने को कहा गया।

आपसी समन्वय से त्योहार संपन्न कराने के निर्देश

डीएम और एसपी ने सभी संबंधित विभागों तथा पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो और श्रद्धालुओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

प्रशासन और पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें