सेवराई (गाजीपुर)। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भदौरा ब्लॉक मुख्यालय पर चल रहे आंगन मिलन सेवा कार्यक्रमों का समापन किया गया। इस अभियान के माध्यम से महिलाओं, बच्चों एवं परिवारों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ स्वास्थ्य, पोषण और महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की गोदभराई तथा नन्हे शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।
शासन की योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बन रहीं लाभार्थियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और स्वयं सहायता समूह की दीदियों को खंड विकास अधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से लगाए गए स्वास्थ्य जांच शिविर में महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई। पोषण जागरूकता के तहत संतुलित और आदर्श पोषण आहार, नियमित स्वास्थ्य देखभाल तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में पोषण की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित सक्षम आंगनवाड़ी, स्वावलंबन, सुकन्या समृद्धि योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि जरूरतमंद परिवार अधिक से अधिक लाभ प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर मुख्य सेविका कुमारी अंजली, ऋचा कुमारी, नेहा कुमारी के साथ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सपना श्रीवास्तव, गीता देवी, रिंकी गुप्ता सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
