सेवराई (गाजीपुर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा कार्यकाल के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा उत्तर प्रदेश के ‘सेवा, संकल्प अभियान’ एवं ‘आंगन मिलन सेवा उत्सव’ के अंतर्गत शनिवार को भदौरा ब्लॉक परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमानिया की पूर्व विधायक सुनीता सिंह शामिल हुईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान पूर्व विधायक ने नन्हें बच्चों का पारंपरिक रीति-रिवाज से अन्नप्राशन संस्कार कराया और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया। साथ ही क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर लगाए गए प्रदर्शनी स्टॉलों का बारीकी से अवलोकन किया और अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सुनीता सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री के 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन समर्पण, राष्ट्रनिष्ठा और अंत्योदय का जीवंत उदाहरण है। केंद्र व प्रदेश सरकार की प्राथमिकता समाज के सबसे कमजोर तबके को सशक्त बनाना है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की मजबूत रीढ़ हैं।”
इस मौके पर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) भदौरा केके सिंह, बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ), विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा पदाधिकारी, बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
