ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत भदौरा से घर लौटते समय देवकली गांव के समीप हुआ हादसा


सेवराई (गाजीपुर)। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर–डीडीयू रेलखंड पर देवकली गांव के समीप गुरुवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर पहुंची गहमर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के साथ ही आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार गहमर थाना क्षेत्र के देवकली गांव निवासी कल्लू मुसहर (20) पुत्र स्व. विशेसर मुसहर और बलिराज राजभर (32) पुत्र बब्बन राजभर गुरुवार की सुबह भदौरा की तरफ से पैदल अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान दोनों रेलवे ट्रैक के रास्ते जा रहे थे। देवकली गांव के समीप अचानक ट्रेन आ जाने से दोनों उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में गहमर पुलिस मौके पर पहुंची तथा दोनों शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचायतनामा भरने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। हादसे की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुटे रहे।

इस संबंध में गहमर थाना निरीक्षक नंदकुमार तिवारी ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हुई है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें