सेवराई (गाजीपुर)। स्थानीय तहसील के नवागत तहसीलदार सुशील कुमार सिंह ने पदभार ग्रहण करने के बाद बार एसोसिएशन के सदस्यों के साथ परिचयात्मक बैठक की। बार एसोसिएशन की ओर से अधिवक्ताओं के साथ यह परिचय कार्यक्रम अधिवक्ता अशोक सिंह की अध्यक्षता में सादे समारोह के रूप में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने नवागत तहसीलदार का परिचय प्राप्त किया तथा तहसील में न्यायिक कार्यों से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। तहसीलदार सुशील कुमार सिंह ने उपस्थित अधिवक्ताओं से कहा कि तहसील में न्यायिक कार्यों के सुचारु संचालन के लिए अधिवक्ताओं का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से न्यायिक कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप तहसील में लंबित मामलों की अधिक से अधिक सुनवाई करते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा पक्षकारों को समय पर न्याय दिलाने के लिए अधिवक्ताओं से आवश्यक सहयोग की अपेक्षा जताई।
तहसीलदार ने कहा कि न्यायिक कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ मामलों की सुनवाई और आदेशों के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि तहसील आने वाले वादकारियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान अधिवक्ताओं ने भी नवागत तहसीलदार को तहसील की न्यायिक व्यवस्था से संबंधित आवश्यक जानकारी से अवगत कराया और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही।
कार्यक्रम में पारस राम, वरिष्ठ अधिवक्ता दयाशंकर सिंह, उपेंद्र उपाध्याय, मनोज पांडेय, प्रवीण राय, रामजी राय, अजय राय, इमरान नियाजी, राजवंश यादव, शाहजहां सहित बार एसोसिएशन के अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
