लाखों रुपए खर्च कर बनाए गए अमृत सरोवर बदहाल, नियमित साफ-सफाई नहीं


सेवराई ।तहसील के बारा और फरीदपुर समेत कई गांवों में लाखों रुपए खर्च कर बनाए गए अमृत सरोवर बदहाल हो गए हैं। निर्माण के बाद से इनके परिसर की नियमित साफ-सफाई नहीं कराई गई। इसके चलते तालाबों के अंदर और आसपास कंटीले पेड़ व झाड़ियां उग आई हैं। जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा है। हालात यह हैं कि अमृत सरोवर का परिसर धीरे-धीरे जंगल में तब्दील होता जा रहा है।

ग्रामीणों के मुताबिक, लंबे समय से अमृत सरोवर परिसर की सफाई नहीं हुई है। तालाब के चारों तरफ घास और झाड़ियां उग आई हैं। कई जगह कंटीले पेड़ इतने बढ़ गए हैं कि लोगों का वहां तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।

अमृत सरोवर के चारों तरफ ग्रामीणों के टहलने और व्यायाम के लिए बनाई गई इंटरलॉकिंग पर भी जगह-जगह घास उग गई है। झाड़ियों के बढ़ने से इंटरलॉकिंग का रास्ता भी इस्तेमाल के लायक नहीं रह गया है। योजना का उद्देश्य ही नहीं हो पा रहा पूरा

ग्रामीणों ने बताया कि सरकार की अमृत सरोवर योजना का उद्देश्य गांवों में पानी का संरक्षण करना और तालाबों को साफ-सुंदर बनाना था। इसके साथ ही तालाबों के आसपास इंटरलॉकिंग कर ग्रामीणों के टहलने और व्यायाम के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना भी योजना का हिस्सा था।

लेकिन विभागीय अनदेखी और रखरखाव की कमी के चलते योजना का उद्देश्य पूरा होता नजर नहीं आ रहा है। साफ-सफाई के अभाव में तालाब और उसका परिसर बदहाल होता जा रहा है।

ग्रामीण बोले- समय रहते सफाई नहीं हुई तो बेकार हो जाएगा खर्च

ग्रामीणों का कहना है कि अमृत सरोवर के निर्माण में सरकार ने लाखों रुपए खर्च किए हैं। इसके बावजूद नियमित रखरखाव नहीं होने से ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। कंटीले पेड़ों और झाड़ियों के कारण लोग अमृत सरोवर तक जाने से भी बच रहे हैं।

ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से अमृत सरोवर परिसर की तत्काल साफ-सफाई कराने, कंटीले पेड़ों और झाड़ियों को हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते देखरेख नहीं की गई तो सरकारी धन से बनाई गई योजना सिर्फ दिखावा बनकर रह जाएगी।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें