एंबुलेंस का इंतजार छोड़ पूर्व मंत्री ने अपनी गाड़ी से घायल को पहुंचाया अस्पताल
बकरी को बचाने के प्रयास में बाइक सवार युवक हुआ घायल, डॉ. पी.के. राय ने दिखाई मानवता
कुशीनगर/सेवरही। बड़ी गंडक नहर के बनरहा रेगुलेटर पुल और कुटी टोला के बीच बाबू गेंदा सिंह नगर में गुरुवार शाम सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क पर अचानक आई बकरी को बचाने के प्रयास में तमकुहीराज थाना क्षेत्र के रामकरण पट्टी निवासी गोविंद कुशवाहा हादसे का शिकार हो गए। घायल युवक काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा।
इसी दौरान वहां से गुजर रहे सपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. पी.के. राय की नजर घायल युवक पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपना काफिला रुकवाया और घायल की स्थिति देखी। डॉ. राय ने मौके से पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के पहुंचने में देर होती देख उन्होंने इंतजार करने के बजाय घायल युवक को अपनी गाड़ी में बैठाया और तत्काल सेवरही सीएचसी पहुंचाया।
सीएचसी पहुंचते ही चिकित्सकों ने घायल का उपचार शुरू किया। समय पर अस्पताल पहुंचने से उसे इलाज मिल सका। पूर्व मंत्री के इस कदम की स्थानीय लोगों और अस्पताल में मौजूद तीमारदारों ने सराहना की।
डॉ. राय ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को तमाशबीन बनकर देखने के बजाय तत्काल मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद बीतने वाला हर पल महत्वपूर्ण होता है। समय पर अस्पताल पहुंचने और इलाज मिलने से किसी की जान बचाई जा सकती है।
