सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र के बकैनिया गांव के समीप मंगलवार की देर रात करीब 10 बजे आलू लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में पलट गया। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सहचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में सड़क किनारे लगा डिवाइडर और विद्युत पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
मृतक की पहचान गुड्डू राम (32) पुत्र बूटन राम निवासी ग्राम बरदह, थाना नुवाव, जिला कैमूर, बिहार के रूप में हुई है। वहीं सहचालक संजय यादव (23) पुत्र रामाशीष यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों की मदद से ट्रक में फंसे चालक और सहचालक को बाहर निकाला। चालक की तब तक मौत हो चुकी थी, जबकि घायल सहचालक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया गया कि ट्रक भदौरा की तरफ से गहमर की ओर जा रहा था। बकैनिया गांव के समीप अंधे मोड़ पर चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे लगे डिवाइडर और विद्युत पोल को तोड़ते हुए गहरे गड्ढे में जा गिरा। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
विद्युत पोल टूटने के कारण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। सूचना पर बिजली विभाग के कर्मचारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
गहमर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। चालक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घायल सहचालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले में अन्य
