धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सहादतपुरा, मऊ परिसर में सोमवार को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें निजी क्षेत्र की अडानी सोलर, कच्छ (गुजरात) की थर्ड पार्टी नेक्स्ट स्टेज इकोनॉमिक्स कंपनी ने प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया के बाद 80 अभ्यर्थियों का रोजगार के लिए चयन किया गया।
रोजगार मेले में कुल 150 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग कर विभिन्न पदों के लिए अपनी योग्यता और कौशल के आधार पर चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। चयनित अभ्यर्थियों को निजी क्षेत्र में रोजगार का अवसर मिलने से उनके चेहरे पर खुशी दिखाई दी।
रोजगार प्रभारी योगेंद्र यादव ने बताया कि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक माह रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने इच्छुक युवाओं से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने की अपील की।
आईटीआई के प्रधानाचार्य अरुण यादव ने कहा कि संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे और प्रशिक्षण पूरा कर चुके युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रोजगार मेले युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार हासिल करने का बेहतर मंच उपलब्ध करा रहे हैं।
मेले में कुशाग्र सिंह कुशवाहा, एच. रहमान, अनीता, अभिषेक शर्मा, श्याम सुंदर चौहान, कृष्ण गोपाल दुबे, रमेश यादव, उपेंद्र कुमार, शिवकुमार गौतम, सरिता विश्वकर्मा, राजकुमार भारती, वीरेंद्र प्रताप और सतेंद्र सिंह समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
