धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मेन गेट समेत छह कमरों के ताले तोड़े, दो गोदरेज आलमारियों के लॉक भी टूटे; जांच में जुटी पुलिस
सूरजपुर (मऊ)। मधुबन थाना क्षेत्र के बंधनपुर गांव में बुधवार रात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बना लिया। मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने छह कमरों के ताले तोड़ने के साथ ही दो गोदरेज आलमारियों के लॉक भी तोड़ दिए। इसके बाद पूरे घर को खंगाल डाला। चोर करीब एक हजार रुपये नकद, चांदी की 20 पीस और सोने की एक पीस जिउतिया चोरी कर ले गए।
गंगाकिशुन विश्वकर्मा पुत्र झूरी का दोहरीघाट थाना क्षेत्र के सूरजपुर में भी मकान है। उन्होंने मधुबन थाना क्षेत्र के बंधनपुर में चकऊथ-असना मार्ग पर मकान बनवा रखा है। इसमें उनके पुत्र अनिल, अरविंद और गोविंद विश्वकर्मा अपने परिवार के साथ रहते थे।
करीब 15 दिनों से अरविंद और गोविंद अपने परिवार के साथ सूरजपुर स्थित मकान में रह रहे हैं। वहीं अनिल विश्वकर्मा गोरखपुर जिले के बड़हलगंज क्षेत्र के सिधुआपार में निजी नौकरी करते हैं और रोज रात बंधनपुर स्थित मकान पर आकर सोते थे।
बुधवार रात बच्चे की तबीयत खराब होने के कारण अनिल मकान पर नहीं आए। इसी दौरान चोरों ने बंद मकान को निशाना बना लिया। चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और छह कमरों के ताले तोड़ डाले। इसके बाद दो गोदरेज आलमारियों के लॉक तोड़कर सामान को अस्त-व्यस्त कर दिया।
गुरुवार को घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मधुबन थाना पुलिस और डायल 112 की टीम ने जांच-पड़ताल की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही चोरों का सुराग लगाने में जुटी है।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने चोरी की घटना का जल्द खुलासा किए जाने की मांग की है।
