धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के लाभांश में ₹35 प्रति कुंतल की वृद्धि किए जाने पर जिले के कोटेदारों में खुशी का माहौल है। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और विभिन्न विकासखंडों व नगर क्षेत्र के उचित दर विक्रेताओं ने बुधवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय को धन्यवाद एवं आभार ज्ञापन भेजा।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि शासन ने प्रदेश के उचित दर विक्रेताओं के हित में उनके लाभांश को ₹90 प्रति कुंतल से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल कर दिया है। लाभांश में ₹35 प्रति कुंतल की इस वृद्धि को कोटेदारों ने आर्थिक हितों की दिशा में महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम बताया है।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सत्यपाल ने कहा कि लंबे समय से उचित दर विक्रेताओं द्वारा लाभांश बढ़ाने की मांग की जा रही थी। शासन के इस निर्णय से प्रदेश के हजारों कोटेदारों को आर्थिक मजबूती मिलेगी। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत गरीब, जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने की जिम्मेदारी भी अधिक प्रभावी ढंग से निभाई जा सकेगी।
उपाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह (गुड्डु) समेत अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री और खाद्य एवं रसद मंत्री के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि खाद्य एवं रसद मंत्री ने उचित दर विक्रेताओं की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से लेते हुए शासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा, जिसके परिणामस्वरूप लाभांश में वृद्धि का निर्णय लिया गया।
ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष सत्यपाल, उपाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह (गुड्डु), अरविंद सिंह, शैलेष राजभर, मीरा देवी, फतेहबहादुर सिंह, अशोक कुमार सिंह, अतिकुर्रहमान, मुसाफिर यादव, देवेंद्र कुमार, सुभाष चंद्र पटेल समेत विभिन्न विकासखंडों और नगर क्षेत्र के अन्य उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।
