छह नवगठित बी-पैक्स समितियों को डीसीडीसी से मिली मंजूरी


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

गौशालाओं में भूसा, हरा चारा और पेयजल की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में बुधवार को कैंप कार्यालय स्थित सभागार में जिला को-ऑपरेटिव डेवलपमेंट कमेटी (डीसीडीसी) की बैठक हुई। इसमें सहकारिता, मत्स्य और दुग्ध विभाग की योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में छह नवगठित बी-पैक्स समितियों के अनुमोदन के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

एआर कोऑपरेटिव ने बताया कि सहकारिता विभाग में कुल 12 नई बी-पैक्स समितियां गठित की गई हैं। इनमें छह समितियों का अनुमोदन पिछली बैठक में हो चुका है। शेष छह समितियों के अनुमोदन का प्रस्ताव बैठक में रखा गया, जिसे जिलाधिकारी ने स्वीकृति प्रदान की। इनमें देवशीपुर, मिर्जापुर, महुआर, बासगीतिया, बरवा, जायगवां और पिरसुई अहीलाशपुर समितियां शामिल हैं।

बैठक में बताया गया कि मत्स्य विभाग में अब तक 11 समितियां गठित की गई हैं। वर्ष 2026 में गठित एक समिति का अनुमोदन डीसीडीसी द्वारा पहले ही किया जा चुका है।

105 बी-पैक्स समितियों का डाटा एनसीडी पोर्टल पर दर्ज

दुग्ध विभाग की समीक्षा में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में नंद बाबा योजना के तहत 10 पंजीकृत समितियां गठित की गई हैं। वहीं, नवगठित बी-पैक्स समितियों को शामिल करते हुए सहकारिता विभाग की कुल 105 बी-पैक्स समितियों का डाटा एनसीडी पोर्टल पर फीड किया जा चुका है।

बैठक में घोसी स्थित क्रय-विक्रय एवं प्रक्रियात्मक सहकारी समिति लिमिटेड में कम से कम 2500 मीट्रिक टन क्षमता के गोदाम के निर्माण के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।

30 समितियों के स्थलीय सत्यापन के निर्देश

वित्तीय रूप से कमजोर पूर्व में निबंधित समितियों के बी-पैक्स उन्नयन योजना के तहत चयनित 30 समितियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से सभी चयनित समितियों का नियमानुसार स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने समितियों में प्रस्तावित कार्यों के लिए आवश्यक एस्टीमेट तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

पशु औषधि केंद्रों के प्रचार पर जोर

बी-पैक्स समितियों पर पशु औषधि विक्रय केंद्रों की स्थापना की भी समीक्षा की गई। कम संख्या में केंद्र स्थापित होने पर अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित शर्तों के अनुसार फार्मासिस्ट उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने एआर कोऑपरेटिव और मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को इन केंद्रों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा इनके लाभों की जानकारी आमजन और संबंधित लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

गौशालाओं में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को जनपद की गौशालाओं की व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सभी गौशालाओं में पर्याप्त भूसा, हरा चारा, पेयजल और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सहकारी समितियों को प्रभावी और आत्मनिर्भर बनाने के साथ शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। समितियों के गठन, अनुमोदन और उन्नयन से जुड़े कार्य समयबद्ध और नियमानुसार पूरे किए जाएं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव, सहायक निदेशक मत्स्य समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें