महुआ का विशाल पेड़ गिरने से गरीब का मकान जमींदोज, गृहस्थी का सामान मलबे में दबा


मोनू भारती | मुहम्मदाबाद गोहना

परिवार के लोग बाल-बाल बचे, राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर किया नुकसान का आकलन; आवास और आर्थिक सहायता की उम्मीद

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। करहां परिक्षेत्र के मालव गांव में मंगलवार देर रात करीब एक बजे अचानक विशाल महुआ का पेड़ एक गरीब परिवार के मकान पर गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से मकान की दोनों कोठरियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर जमींदोज हो गईं। हादसे के समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे, लेकिन संयोग से सभी सुरक्षित बच गए। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

मालव गांव निवासी हरिकेश राम उर्फ मुन्ना पुत्र स्वर्गीय रामनाथ का दो कमरों का मकान था। दोनों कमरों के ऊपर सीमेंटेड शीट लगी थी। मंगलवार रात अचानक विशाल महुआ का पेड़ भरभराकर मकान पर जा गिरा। भारी तने और डालियों की चपेट में आने से दोनों कमरे ढह गए। कमरों में रखा गृहस्थी का सामान भी मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। हरिकेश राम ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके चार पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। परिवार के सदस्य जमुई गांव स्थित ईंट-भट्ठे पर मजदूरी भी करते हैं। राहत की बात यह रही कि मकान से कुछ दूरी पर सीमेंटेड शेड के नीचे खड़ा ई-रिक्शा पेड़ की चपेट में आने से बच गया।

राजस्व टीम ने लिया नुकसान का जायजा

घटना की सूचना मिलने पर बुधवार सुबह क्षेत्रीय लेखपाल अजय कुमार चौबे और राजस्व निरीक्षक श्री कृष्णकांत सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त मकान और सामान का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता दिलाने का भरोसा दिया गया।

उपजिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने बताया कि राजस्व टीम से नुकसान का आकलन कराया गया है। नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। पीड़ित परिवार की पात्रता के अनुसार मुख्यमंत्री आवास योजना अथवा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इससे परिवार को सुरक्षित छत मिलने की उम्मीद जगी है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें