नंदगंज (गाजीपुर)। रविवार को 52वीं पुरुष एवं 44वीं महिला नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 एवं स्पेशल ओलंपिक प्रतियोगिता के दूसरे दिन उद्घाटन समारोह के साथ प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह और नगर पंचायत अध्यक्ष दिलदारनगर अविनाश जायसवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। वहीं माउंट लिट्रा जी स्कूल के डायरेक्टर मोहित श्रीवास्तव, संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप अग्रवाल, प्रदेश महासचिव अमित राय, चीफ ऑफ पैटर्न पुरन सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश कुमार कुदरोली एवं राष्ट्रीय महासचिव पी.जे. जोसेफ सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता की शुरुआत की।
दूसरे दिन पुरुष वर्ग के 59 किग्रा भार वर्ग में आंध्र प्रदेश के डी. मुरलीकृष्णा ने कुल 620 किग्रा भार उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि महाराष्ट्र के योगेश गुंड ने 605 किग्रा भार उठाकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
महिला वर्ग के 47 किग्रा भार वर्ग में महाराष्ट्र की काजल बनखरे ने 407.5 किग्रा भार उठाकर प्रथम, केरल की मिधुना थामस ने 370 किग्रा उठाकर द्वितीय तथा तेलंगाना की तुलसी कोपू ने 275 किग्रा भार उठाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वहीं 52 किग्रा महिला भार वर्ग में उत्तर प्रदेश की सलोनी जोशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 447.5 किग्रा भार उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया। गुजरात की रोहित अंजना बी ने 445 किग्रा के साथ द्वितीय तथा महाराष्ट्र की सुष्मिता देशमुख ने 367.5 किग्रा भार उठाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में महासचिव अमित राय, एशिया चैंपियन अरविंद शर्मा, संजीव सिंह, पुनीत सिंघल, अमित सैनी, प्रशांत राय, सत्यम एवं रोहित तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

