शराब की दुकान हटाने को लेकर महिलाओं का प्रदर्शन, अमिला-बोझी मार्ग पर लगाया जाम


आफ़ताब आलम | घोसी 

मुजार बुजुर्ग गांव के पास सड़क पर बांस लगाकर रोका आवागमन, एसडीएम के आश्वासन पर समाप्त हुआ जाम

घोसी (मऊ)। कोतवाली क्षेत्र के मुजार बुजुर्ग गांव के पास अमिला-बोझी मुख्य मार्ग पर संचालित देशी शराब की दुकान के विरोध में गुरुवार को महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। दुकान हटाने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रदर्शन करते हुए सड़क पर बांस लगाकर जाम कर दिया। इससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना था कि मुख्य मार्ग और आबादी के नजदीक शराब की दुकान होने से शाम के समय शराब पीने वालों का जमावड़ा लगा रहता है। आरोप है कि नशे में धुत लोग महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्रता तथा छींटाकशी करते हैं। इससे क्षेत्र की महिलाओं में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

महिलाओं ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले यहां लाइसेंसी देशी शराब की दुकान खोली गई थी। इस मार्ग से आसपास के करीब आधा दर्जन गांवों के हजारों लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। महिलाओं का कहना था कि दुकान के कारण गांवों में शराब का सेवन बढ़ रहा है और इसका असर परिवारों पर भी पड़ रहा है। उन्होंने दुकान को आबादी और मुख्य मार्ग से हटाकर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की।

जाम की सूचना मिलने पर बोझी चौकी प्रभारी हरेंद्र कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया और उच्चाधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। हालांकि महिलाएं दुकान हटाने की मांग पर अड़ी रहीं।

बाद में घोसी के उपजिलाधिकारी अशोक सिंह मौके पर पहुंचे। महिलाओं ने उन्हें अपनी मांगों से संबंधित शिकायती पत्र सौंपा। एसडीएम के आश्वासन के बाद महिलाओं ने जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।

शिकायती पत्र उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा

उपजिलाधिकारी अशोक सिंह ने बताया कि महिलाओं की ओर से प्राप्त शिकायती पत्र को उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें