60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को अब रोडवेज बसों में आजीवन मुफ्त सफर, मऊ में मंत्री ए.के. शर्मा ने देखा शुभारंभ का सजीव प्रसारण


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ 

मऊ। प्रदेश की 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की माताओं-बहनों को अब परिवहन निगम की साधारण बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृ शक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया। मऊ के टाउन हॉल में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा और उपस्थित माताओं-बहनों को योजना की जानकारी दी।

मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि यह योजना मातृशक्ति के सम्मान, स्वाभिमान और सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के लोककल्याण, सुशासन और नारी नेतृत्व के आदर्शों से प्रेरित यह योजना प्रदेश की वरिष्ठ महिलाओं को बिना किराये की चिंता के आवागमन की सुविधा देगी।

स्मार्ट कार्ड से मिलेगा मुफ्त सफर का लाभ

योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र महिलाओं को परिवहन निगम की साधारण बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। पात्रता के लिए आधार कार्ड या वोटर आईडी में दर्ज जन्मतिथि को आधार बनाया जाएगा। पात्र महिलाओं को परिवहन निगम की ओर से स्मार्ट कार्ड जारी किया जाएगा। बस में कार्ड टैप करने पर शून्य मूल्य का टिकट जारी होगा।

यह सुविधा पूरे उत्तर प्रदेश में किसी भी बस स्टेशन से किसी भी गंतव्य तक मान्य होगी। डिजिटल व्यवस्था के माध्यम से यात्राओं का रिकॉर्ड भी सुरक्षित रहेगा। योजना का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी और लाभार्थी महिलाओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

81 लाख महिलाओं को मिल सकता है लाभ

मंत्री ने बताया कि जनगणना-2011 के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक आयु की करीब 81 लाख माताएं-बहनें योजना की संभावित लाभार्थी हैं। अनुमान है कि प्रतिदिन 88 हजार से अधिक वरिष्ठ महिलाओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 में योजना के लिए अनुपूरक बजट के माध्यम से 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

ए.के. शर्मा ने कहा कि योजना से वरिष्ठ महिलाएं तीर्थाटन, इलाज, सामाजिक कार्यक्रमों और अपने परिजनों से मिलने के लिए अधिक आसानी से यात्रा कर सकेंगी। इससे उनकी सामाजिक सहभागिता और आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की वरिष्ठ महिलाओं के लिए यह योजना विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी आनंद वर्धन, पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, अन्य जिला स्तरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में माताएं-बहनें मौजूद रहीं।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें