चिरैयाकोट में खाद्य विभाग की छापेमारी, 5.25 कुंतल संदिग्ध छेना-रसगुल्ला नष्ट


पवन उपाध्याय | दोहरीघाट    

दुकानें बंद कर भागे कारोबारी, बस से 2.50 कुंतल छेना बरामद; नमूने जांच के लिए लखनऊ भेजे गए

चिरैयाकोट (मऊ)। खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने चिरैयाकोट नगर बाजार और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की। टीम के पहुंचते ही बाजार में हड़कंप मच गया। जांच और लाइसेंस चेकिंग की भनक लगते ही कई दुकानदार दुकानें बंद कर मौके से खिसक गए।

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी मंजूषा सिंह के नेतृत्व में सहायक अधिकारी ओमप्रकाश यादव और अमित राणा की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई व्यवस्था और लाइसेंस से संबंधित कमियां मिलने पर दुकानदारों को एक सप्ताह के भीतर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की चेतावनी दी गई।

बस से 2.50 कुंतल छेना बरामद

कार्रवाई के दौरान टीम ने चिरैयाकोट त्रिमुहनी के पास वाराणसी से दुबारी जा रही एक निजी सवारी बस की जांच की। बस में लावारिस हालत में रखा करीब 2 कुंतल 50 किलो छेना बरामद हुआ। टीम ने छेना को जब्त कर उसके नमूने जांच के लिए सुरक्षित किए। इसी दौरान एक दूध विक्रेता से दूध का नमूना भी लिया गया।

मकान में मिला 2.75 कुंतल संदिग्ध रसगुल्ला

दोपहर करीब तीन बजे खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रमनवल पीजी कॉलेज से लगभग 500 मीटर दूर नासीरपुर रोड स्थित सिवान में एक मकान पर छापा मारा। यहां छेना-रसगुल्ला कारोबारी प्रमोद कुमार के ठिकाने से करीब 2 कुंतल 75 किलो संदिग्ध रसगुल्ला बरामद हुआ।

टीम ने बरामद छेना और रसगुल्ले के नमूने सील कर जांच के लिए लखनऊ स्थित प्रयोगशाला भेज दिए हैं। वहीं, जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कुल 5 कुंतल 25 किलो संदिग्ध छेना और रसगुल्ले को मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर मिट्टी में दबाकर नष्ट कराया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से मिलावट का कारोबार करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही। टीम के शाम करीब चार बजे लौटने के बाद बाजार में दुकानदारों ने राहत की सांस ली और दुकानें दोबारा खोलनी शुरू कीं।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें