आफ़ताब आलम | घोसी
नात-ओ-सलाम की गूंज के बीच हजारों लोग हुए शामिल, जगह-जगह हुआ स्वागत; पुलिस-प्रशासन रहा मुस्तैद
घोसी (मऊ)। 12 रबीउल अव्वल के मौके पर बुधवार को घोसी नगर में 55वां जुलूस-ए-मोहम्मदी शानो-शौकत के साथ निकाला गया। “नारा-ए-तकबीर, अल्लाहु अकबर” और “नारा-ए-रिसालत, या रसूलल्लाह” की सदाओं से नगर गूंज उठा। बड़ागांव स्थित मदरसा अरबिया अनवारुल कुरान के जेरे-एहतिमाम निकले जुलूस में नगर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। आयोजन के दौरान अमन, शांति, मोहब्बत और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया।
मंगलवार की रात नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर जश्ने आमदे रसूल के कार्यक्रम आयोजित किए गए। बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे मदरसा अरबिया अनवारुल कुरान से जुलूस का आगाज हुआ। जुलूस में जामा मस्जिद करीमुद्दीनपुर, मानिकपुर असना, बेलाल मस्जिद, जहान नगर, इस्लामपुर, मदापुर, इस्लामपुरा परती, बैसवाड़ा, अमजद नगर, बांध, तकिया और मटौली समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग शामिल हुए।
मदरसा शमसुल उलूम, मदरसा अमजदिया और मदरसा खैरिया फैज-ए-आम सहित विभिन्न मदरसों व मस्जिदों से जुड़े लोगों ने भी जुलूस में सहभागिता की। नगर की अंजुमनों के लोग नात-ए-पाक पढ़ते हुए और झंडे लेकर आगे बढ़ते रहे।
जुलूस बड़ागांव बाजार, ईदगाह रोड, रेलवे फाटक, मधुबन मोड़ और घोसी ब्लॉक होते हुए मझवारा मोड़ पहुंचा। वहां से वापस घोसी ब्लॉक, तहसील, मधुबन मोड़ और अमजदी रोड के रास्ते मदरसा अरबिया अनवारुल कुरान पहुंचकर जुलूस का समापन सलाम और विशेष दुआ के साथ हुआ।
जुलूस की कयादत मौलाना जमाल मुस्तफा कादरी ने की। इस दौरान मौलाना कमाल, मुफ्ती जमाल मिसबाही, राशिद रजा, आसिफ रजा, आदिल रजा, मेराज अंसारी, नज्मुजफर खान, शब्बू खान, खुर्शीद खान, एहतेशाम शेख, हकीम जमालुद्दीन नूरानी कादरी, असलम बशीर, इजहार अहमद, सेठ जावेद अख्तर, फिरोज अंसारी और सादिक खान समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। रहबर वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन के लोग भी जुलूस में शामिल हुए। मदरसा के अराकीन और तलबा ने भी उत्साह के साथ सहभागिता की।
जगह-जगह पानी, शरबत और मिठाई की व्यवस्था
जुलूस के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। पानी, शरबत और मिठाई का इंतजाम किया गया। रहबर वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन की ओर से भी पानी की व्यवस्था की गई। राशिद रजा ने कहा कि जुलूस में शामिल लोगों की खिदमत करना उनका फर्ज है और इसी भावना से सेवा की गई।
नगर में वी मार्ट के सामने सुफियान इंटरप्राइजेज के मालिक अताउल्लाह खान की ओर से भी पानी, शरबत और मिठाई का इंतजाम कराया गया। जुलूस में शामिल लोगों को शरबत पिलाने के साथ मिठाई वितरित की गई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा सतर्क
हजारों की भीड़ को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवींद्र नाथ राय, उपनिरीक्षक दिनेश यादव और उपनिरीक्षक सचिन पुलिस बल व पीएसी जवानों के साथ लगातार मुस्तैद रहे। अधिकारियों ने जुलूस मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
सीओ और कोतवाल को किया सम्मानित
जुलूस के समापन के बाद समाजसेवी जावेद अख्तर ने क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवींद्र नाथ राय को फूलों की माला पहनाकर व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने शांतिपूर्ण आयोजन और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस-प्रशासन का आभार जताया।
आयोजन के दौरान बच्चे, नौजवान और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे दिन घोसी नगर नात-ओ-सलाम की गूंज, धार्मिक उत्साह और अमन-चैन व भाईचारे के संदेश से सराबोर नजर आया।
