धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। दहेज उत्पीड़न एवं हत्या से जुड़े एक मामले में घोसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित दो पुरुष आरोपियों और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों को न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी घोसी जितेन्द्र सिंह के निर्देशन में थाना घोसी पुलिस टीम ने सोमवार को पवनी मोड़ के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नागेन्द्र चौहान, उसके पुत्र नितेश चौहान तथा उर्मिला देवी के रूप में हुई है। तीनों आरोपी ग्राम गदुरा (मझवारा), थाना घोसी, जनपद मऊ के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, तीनों के खिलाफ थाना घोसी में मु0अ0सं0 361/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 व 80(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया गया है।
