संवाददाता – त्रिलोकी नाथ राय
भांवरकोल/गाजीपुर। पवित्र श्रावण मास के चौथे एवं अंतिम सोमवार को पूरा क्षेत्र भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आया। ब्रह्ममुहूर्त से ही विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगाजल, कच्चा दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, काले तिल, पुष्प एवं मिष्ठान अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर दिनभर हर-हर महादेव, बोल बम और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से गूंजते रहे। क्षेत्र के बाबा भदेश्वरनाथ शिव मंदिर (भदौरा), बाबा नर्मदेश्वर महादेव मंदिर (महेशपुर द्वितीय), श्री झारखंडी महादेव मंदिर (भेलूपुर उर्फ पंडितपुरा), कुंडेश्वर महादेव मंदिर सहित शेरपुर, वीरपुर, सुखडेहरा, सोनाड़ी, रेवसरड़ा, अमरूपुर और कनुवान के शिवालयों में श्रद्धालुओं का दिनभर तांता लगा रहा। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों ने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। संध्या होते ही अनेक मंदिरों में हरिकीर्तन, भजन-संध्या एवं श्रीरामचरितमानस के अखंड पाठ का शुभारंभ हुआ। इससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
