संवाददाता – त्रिलोकी नाथ राय
वाराणसी। महिला भूमिहार समाज का द्वितीय स्थापना दिवस समारोह होटल मेरिडियन में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में भव्यता के साथ संपन्न हुआ। समारोह में समाज की महिलाओं की सहभागिता, एकजुटता, सामाजिक चेतना और सशक्तीकरण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ बटुकों द्वारा शंखनाद एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। मुख्य अतिथि संजय राय एवं विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि संजय राय, विशिष्ट अतिथि डॉ. डीएन शर्मा, श्री जगदीश राय, डॉ. संगीता राय, विभागाध्यक्ष एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ बीएचयू, डॉ. आकांक्षा राय, श्री अनंजय राय, श्री आरएन सिंह, कवि चंदन राय सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत महिला भूमिहार समाज की अध्यक्ष डॉ. राजलक्ष्मी राय ने किया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महिला भूमिहार समाज का उद्देश्य केवल सामाजिक एकजुटता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बनाकर समाज के विकास में उनकी निर्णायक भूमिका सुनिश्चित करना है। महिलाओं की प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक दायित्वों को उचित मंच प्रदान करना संस्था की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
समारोह के दौरान महिला भूमिहार समाज की आधिकारिक वेबसाइट का शानदार शुभारंभ किया गया। वेबसाइट के माध्यम से समाज की गतिविधियों, सामाजिक कार्यों, उपलब्धियों एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
इस अवसर पर महिला भूमिहार समाज द्वारा सामाजिक सेवा, शिक्षा, महिला सशक्तीकरण एवं जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों को रेखांकित किया गया। सामाजिक कार्य, चिकित्सा, शिक्षा, साहित्य एवं पत्रकारिता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुरुष एवं महिलाओं को एमबीएस सम्मान से सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रतिभाओं को दुपट्टा एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
समारोह में महिला भूमिहार समाज ने समाजहित से जुड़े विभिन्न कार्यों को आगे बढ़ाने तथा जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक सेवा और निर्बल परिवारों के सहयोग के लिए सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि महिला भूमिहार समाज की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा संघर्ष, साथ और समर्पण की यात्रा रही है। सामूहिक प्रयासों के बल पर संस्था निरंतर अपने उद्देश्यों की ओर आगे बढ़ रही है। “संघे शक्ति बलियसी” की भावना को आत्मसात करते हुए समाज की महिलाओं से एकजुट होकर सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का वाहक बनने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में शकुंतला राय, पूनम सिंह, चंद्रकला, वंदना सिंह, प्रतिमा सिंह, सोनी राय, सरिता राय, बबिता राय, किरण राय, सुमन सिंह, सरोज सिंह, कुसुम सिंह, सरिता सिंह, ऋतु राय, प्राची राय, बीना सिंह, पुष्पा राय, सीमा राय, रश्मि सिंह, अनीता राय, खुशबू राय सहित बड़ी संख्या में समाज की सदस्य उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजेयता राय, डॉ. मंजूला चौधरी एवं किरण सिंह ने किया। समारोह के अंत में महिला भूमिहार समाज की अध्यक्ष डॉ. राजलक्ष्मी राय ने सभी अतिथियों, सदस्यों, सहयोगियों, आयोजन समिति एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
