बहादुरगंज, गाजीपुर। नगर पंचायत बहादुरगंज के वार्ड नंबर-11, मोहल्ला दक्खिन निवासी बुनकर इश्तियाक अहमद का जर्जर मकान भारी बारिश के चलते धराशाई हो गया। मकान गिरने की घटना में इश्तियाक अहमद घायल हो गए। हादसे के बाद उनका परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन गुजारने को मजबूर है। अचानक मकान गिरने से परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
परिजनों के अनुसार मकान काफी समय से जर्जर हालत में था। लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की स्थिति और खराब होती चली गई। आखिरकार बारिश के बीच जर्जर मकान कल देर शाम भर भराकर गिर पड़ा। हादसे में घर का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और परिवार के रहने की सुरक्षित जगह तक नहीं बची।
पीड़ित इश्तियाक अहमद जो कि पेशे से बुनकर हैं उनका का कहना है कि उन्होंने सरकारी आवास योजना का लाभ पाने के लिए अब तक तीन बार आवास का फॉर्म भरकर आवेदन किया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें आवास की सुविधा नहीं मिल सकी। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते आवास योजना का लाभ मिल गया होता तो आज उन्हें इस तरह खुले आसमान के नीचे रहने की मजबूरी नहीं झेलनी पड़ती।
मकान गिरने के बाद पीड़ित परिवार ने प्रशासन और नगर पंचायत से तत्काल सहायता तथा आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोई परिवार वास्तव में आवास के लिए पात्र है और बार-बार आवेदन करने के बावजूद उसे योजना का लाभ नहीं मिल रहा है, तो इस व्यवस्था की समीक्षा किए जाने की जरूरत है।
इश्तियाक अहमद का परिवार इस समय आर्थिक संकट के साथ-साथ सुरक्षित आशियाने की समस्या से जूझ रहा है। ऐसे में पीड़ित परिवार को तत्काल राहत और आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग तेज हो गई है। अंजर शमीम ने पात्र परिवार को अब तक आवास नहीं मिल पाने की स्थिति ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और पात्रता चयन की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं पर सामाजिक कार्यकर्ता जफर अकील ने सरकार से ऐसे पात्र लोगों को अविलंब आवास को सुविधा देने और उन्हें रोजी रोटी देने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की जबकि वार्ड नम्बर 11 मोहल्ला दक्खिन बहादुरगंज गाजीपुर के सभासद शकील अख्तर ने भी पीड़ित परिवार को आवास की सुविधा देने और उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
