धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। साइबर ठगी का शिकार हुई महिला को मऊ साइबर पुलिस टीम ने राहत दिलाते हुए उसके खाते से फ्रॉड के जरिए निकाले गए 13,282 रुपये वापस करा दिए। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़िता को बड़ी राहत मिली है।
पुलिस अधीक्षक मऊ श्री कमलेश बहादुर के निर्देशन में साइबर फ्रॉड की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्री अनूप कुमार के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर की साइबर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पीड़िता के खाते से यूपीआई के माध्यम से फ्रॉड की गई धनराशि को वापस कराया।
पुलिस के अनुसार, हनुमान नगर भीटी, थाना कोतवाली नगर निवासी माधुरी दूबे के खाते से साइबर ठगी के जरिए कुल 13,282 रुपये की धनराशि निकाल ली गई थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रक्रिया पूरी कर पूरी धनराशि पीड़िता को वापस करा दी।
पुलिस अधीक्षक मऊ ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर OTP, UPI PIN, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें और अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें। KYC अपडेट, निवेश, लोन या पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर आने वाले संदिग्ध कॉल और संदेशों से भी सावधान रहें।
यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें और साइबर अपराध की शिकायत ऑनलाइन दर्ज कराएं। इससे ठगी की रकम को रोकने और वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है।
