संवाददाता – त्रिलोकी नाथ राय
भांवरकोल/गाजीपुर। शेरपुर में अष्ट अमर शहीदों की पावन स्मृति में आयोजित इनामी कुश्ती दंगल प्रतियोगिता में पहलवानों ने जोरदार प्रदर्शन किया। अखाड़े में एक के बाद एक मुकाबलों ने दर्शकों में रोमांच भर दिया। हजारों की भीड़ ने तालियों और उत्साह के साथ पहलवानों का हौसला बढ़ाया।
आदित्य ने विनोद को चित कर मुकाबला अपने नाम किया। शेरपुर के मृत्युंजय ने सौरभ को पटखनी देकर खूब वाहवाही लूटी। सलमान और गोरखपुर के सूरज के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा। वहीं 50 हजार रुपये की इनामी बड़े जोड़ की कुश्ती में मुगलसराय के सुमीत पहलवान और हरियाणा के बृजेश पहलवान के बीच कड़ा संघर्ष हुआ, लेकिन मुकाबला बराबरी पर छूटा। बलिया केसरी अर्जुन और रमन पहलवान भी बराबरी पर रहे।
मुख्य अतिथि जयानंद राय ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि कुश्ती ग्रामीण अंचल की पुरानी और गौरवशाली परंपरा है। गाजीपुर और आसपास के क्षेत्र के कई पहलवानों ने प्रदेश और देश स्तर पर नाम रोशन किया है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलता है।
इस अवसर पर साक्षी टेंडर्स के अजय राय ने विजेता पहलवानों को उपहार देकर सम्मानित किया। पूर्व पहलवानों को अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया। आयोजक विकास राय पहलवान सहित पूरी टीम के प्रति अतिथियों ने आभार जताया। कार्यक्रम में भाजपा नेता पीयूष राय, राजेश राय बागी, आनंद राय पहलवान, अवध किशोर राय, जयानंद राय, ज्ञानेंद्र पहलवान, आनंद राय, दीपक पहलवान, इंद्रासन राय, जुबेर अहमद, दामोदर राय, हरेंद्र पहलवान, पवन सिंह, वसीम खां समेत हजारों दर्शक उपस्थित रहे।
