शेखअहमदपुर में मोबाइल झपटमारी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार और बाल अपचारी हिरासत में


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस ने मोबाइल झपटमारी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से झपटमारी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त की सुबह करीब 3:10 बजे एक व्यक्ति रेलवे स्टेशन मुहम्मदाबाद गोहना जा रहा था। शेखअहमदपुर के पास बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना मुहम्मदाबाद गोहना में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम 19 अगस्त को कोलौरा अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कोलौरा की ओर से बाइक पर आ रहे दो युवकों को रोककर पूछताछ की गई। इनमें से एक की पहचान अमित वर्मा उर्फ निरहू (21) निवासी कोपाकोहना, थाना कोपागंज के रूप में हुई, जबकि दूसरा बाल अपचारी पाया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने घटना में दो अन्य साथियों के शामिल होने की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान दो साथी शेखअहमदपुर चट्टी पर निगरानी के लिए उतर गए थे, जबकि अमित वर्मा और बाल अपचारी ने आगे जाकर मोबाइल झपटमारी की थी।

पुलिस ने आरोपियों के पास से सैमसंग कंपनी का नीले रंग का मोबाइल फोन बरामद किया। साथ ही घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई, जिस पर नंबर प्लेट अंकित नहीं थी। मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी और बाल अपचारी का चालान/प्रस्तुतीकरण संबंधित न्यायालय के समक्ष किया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

पुलिस टीम की कार्रवाई:
गिरफ्तारी 19 अगस्त 2026 को कोलौरा अंडरपास के पास की गई। मामले में मु0अ0सं0 288/2026 के तहत धारा 304(2), 317(2) बीएनएस में कार्रवाई की गई है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें