18 अगस्त 1942 के अमर बलिदानियों को शहीद पार्क में श्रद्धांजलि, देशभक्ति के नारों से गूंजा मुहम्मदाबाद
संवाददाता – त्रिलोकी नाथ राय
मुहम्मदाबाद/गाजीपुर। अगस्त क्रांति के दौरान 18 अगस्त 1942 को देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अष्ट शहीदों की स्मृति में मंगलवार को मुहम्मदाबाद स्थित शहीद पार्क में भव्य श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों ने तिरंगे की झांकी का अनावरण किया तथा ऐतिहासिक तिरंगे को नमन कर अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
अगस्त क्रांति के ऐतिहासिक संघर्ष में डॉ. शिवपूजन राय, ऋषेश्वर राय, बंशनारायण राय, रामबदन उपाध्याय, वशिष्ठ नारायण राय, वंशनारायण राय द्वितीय, नारायण राय और राजनारायण राय ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर किए थे। शहीद पार्क में मौजूद लोगों ने उनके बलिदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि जब से उन्हें पहली बार प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया, तब से वह प्रत्येक वर्ष 18 अगस्त को मुहम्मदाबाद पहुंचकर अष्ट शहीदों को नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि इन वीर सपूतों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसान महंगाई से परेशान हैं, जबकि देश का युवा पेपर लीक जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने प्रदेश में एक वर्ग विशेष पर लगातार हो रहे हमलों का भी उल्लेख किया और कहा कि इससे समाज में चिंता का वातावरण है।
पूर्व सांसद अतुल कुमार राय ने अष्ट शहीदों को नमन करते हुए कहा कि इन महान शहीदों के सम्मान में कुछ कर पाना उनके लिए सौभाग्य की बात होगी। उन्होंने कहा कि शहीदों के बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
समारोह में पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह, पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय, पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी, प्रमुख अवधेश राय, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, अभिनव सिन्हा, नारायण उपाध्याय, वीरेंद्र राय, आनंद राय सांकृत्यायन, राजेश राय बागी, विजेंद्र राय, प्रमोद राय, आनंद राय मुन्ना, पीयूष राय, चंदन राय, अमरनाथ राय, डॉ. आलोक राय समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन चौधरी दिनेश चंद्र राय ने किया। शहीद स्मारक समिति की ओर से राजेश राय बागी ने आगंतुकों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया।
शहीद पार्क में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने अष्ट शहीदों के स्मारक पर पुष्प अर्पित कर उनके सर्वोच्च त्याग और राष्ट्रभक्ति को याद किया। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा और लोगों ने अमर शहीदों के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
